Connect with us

Brahmakumaris Blessing House

दादी प्रकाशमणि जी की पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर

Published

on

ब्रह्माकुमारीज ब्लेसिंग हाउस, भोपाल में दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर सम्पन्न

भोपाल। ब्रह्माकुमारीज ब्लेसिंग हाउस सेवाकेंद्र, भोपाल में ब्रह्माकुमारीज संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्यतिथि श्रद्धा, प्रेम एवं आध्यात्मिक स्मृति के साथ मनाई गई। इस अवसर पर दादी जी के त्याग, तपस्या, सरलता, ममता तथा विश्व सेवा के लिए किए गए महान योगदान को स्मरण किया गया।

दादी प्रकाशमणि जी की पुण्यतिथि के अवसर पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें अनेक लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संकल्प लिया। रक्तदाताओं ने अपने रक्त की एक बूंद के माध्यम से जरूरतमंदों के जीवन में आशा और नई ऊर्जा पहुंचाने का संदेश दिया।

सेवाकेंद्र प्रभारी बीके डॉ. रीना दीदी ने कहा कि दादी प्रकाशमणि जी ने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण विश्व कल्याण और मानव सेवा के लिए समर्पित किया। उनकी पुण्यतिथि पर रक्तदान जैसे सेवा कार्य का आयोजन दादी जी के “मानव सेवा ही सच्ची सेवा” के संदेश को सार्थक करता है।

कार्यक्रम में उपस्थित भाई-बहनों एवं रक्तदाताओं ने दादी प्रकाशमणि जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज सेवा के कार्यों में निरंतर सहभागी बनने का संकल्प लिया।

रक्तदान शिविर में सहभागी सभी रक्तदाताओं को ‘रक्तवीर सम्मान’ एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी रक्तदाताओं एवं डॉक्टरों की टीम को ईश्वरीय सौगात देकर उनके सेवा भाव के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

दादी प्रकाशमणि जी की पुण्यतिथि पर आयोजित यह सेवा कार्यक्रम श्रद्धांजलि के साथ-साथ मानवता, करुणा और निःस्वार्थ सेवा की प्रेरणा देने वाला रहा।